ग्वालियर में साइबर ठगों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शहर में पिछले चौबीस घंटों के भीतर ठगी की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें अपराधियों ने बैंक खातों और क्रेडिट कार्ड से बड़ी रकम पार कर दी। पीड़ितों की शिकायतों पर पुलिस ने मामले दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।

वॉट्सऐप वीडियो कॉल पर झांसे में लेकर निकाले 85 हजार

फौजदार का मोहल्ला निवासी 56 वर्षीय अनिल कुमार जैन को 6 अक्टूबर को एक अनजान नंबर से वॉट्सऐप वीडियो कॉल प्राप्त हुई थी। कॉलर ने खुद को एसबीआई का बैंक कर्मचारी बताकर क्रेडिट कार्ड की केवाईसी अपडेट कराने का दबाव बनाया। आरोपी द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक करते ही पीड़ित का फोन हैंग हो गया।

करीब एक घंटे बाद जब मोबाइल ठीक हुआ, तो उनके क्रेडिट कार्ड से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 35,378 रुपए और 50,000 रुपए कटने के संदेश मिले। कुल 85,378 रुपए की इस धोखाधड़ी की सूचना तुरंत साइबर पोर्टल पर दी गई।

पेमेंट फेल होने का दिखावा कर खाते से उड़ाए 29 हजार

थाटीपुर के न्यू शकुंतलापुरी में रहने वाले 45 वर्षीय शिवसरन शर्मा 5 अक्टूबर की शाम फोन-पे के जरिए भुगतान करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन तकनीकी खराबी बताकर ट्रांजेक्शन फेल हो गया। ऐप पर राशि न होने का संकेत मिलने पर जब उन्होंने अपने खाते की जांच की, तो उसमें से 29,600 रुपए नदारद मिले।

बैंक से संपर्क करने पर पता चला कि यह राशि वहां से ट्रांसफर हो चुकी है। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने किसी को कोई जानकारी नहीं दी थी। इस मामले में थाटीपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

बिना ओटीपी साझा किए खाते से कटे चौंसठ हजार

हजीरा गदाईपुरा स्थित मेजर कॉलोनी निवासी 46 वर्षीय जितेंद्र सिंह राजावत के एचडीएफसी बैंक खाते से 12 सितंबर को बिना किसी ओटीपी या लिंक शेयरिंग के 64,000 रुपए कट गए। साइबर पोर्टल पर प्राथमिक शिकायत के पश्चात पीड़ित ने 9 अक्टूबर की रात थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया।

सभी मामलों की शिकायतें साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज कराई गई हैं और पुलिस तथा साइबर एक्सपर्ट्स द्वारा इनकी गहराई से जांच की जा रही है।