ग्वालियर जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चपरोली गांव में बीती रात पारिवारिक विवाद के चलते जमकर उपद्रव हुआ। पत्नी को बिना समय देखे जबरन अपने साथ ले जाने की जिद पर अड़े एक युवक ने अपनी ससुराल पहुंचकर हंगामा खड़ा कर दिया। इस दौरान हालात इतने बिगड़ गए कि नौबत फायरिंग और पथराव तक जा पहुंची।

आधी रात को ससुराल पहुंचा था आरोपी जीजा

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, चपरोली निवासी 22 वर्षीय वीरू पुत्र जयेन्द्र राणा की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। पीड़ित ने बताया कि 28 सितंबर की रात करीब 12 बजे उसका जीजा अनिल राणा अपने दो अन्य साथियों दिलीप और दीपक के साथ उसके घर पर आ धमका। आरोपी अनिल अपनी पत्नी भूरीबाई को उसी वक्त अपने साथ ससुराल से विदा कराकर ले जाने की जिद कर रहा था।

देर रात होने के कारण भूरीबाई ने उस समय जाने से साफ मना कर दिया। इस बात पर वीरू और परिवार के अन्य सदस्यों ने भी अनिल को समझाइश दी और सुबह सूरज निकलने पर आराम से अपनी पत्नी को ले जाने के लिए कहा, लेकिन आरोपी किसी भी बात को सुनने को तैयार नहीं था।

मना करने पर शुरू की फायरिंग और पत्थरबाजी

जब परिवार ने रात में भेजने से इनकार किया तो आरोपी अनिल ने गालियां देना शुरू कर दिया। विवाद बढ़ाते हुए उसने अवैध कट्टा निकालकर हवाई फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से घर और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। परिवार के सदस्यों ने किसी तरह घर के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई।

फायरिंग के इसी शोरगुल के बीच अनिल के साथ आए उसके दोनों साथियों, दिलीप और दीपक ने घर को निशाना बनाते हुए पथराव शुरू कर दिया। हमले की इस अचानक हुई कार्रवाई से घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

हंगामे की आवाज सुनकर जब आसपास के ग्रामीण इकट्ठा होने लगे, तो स्थिति भांपकर तीनों आरोपी मौके से फरार होने लगे। जाते-जाते वे परिवार को धमकी दे गए कि यदि इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई तो परिणाम भुगतने होंगे। हालांकि, पीड़ित परिवार ने हिम्मत जुटाई और तुरंत हस्तिनापुर थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हरकत में आई और फौरन टीम गठित कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू की। पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपी अनिल राणा के साथ-साथ उसके दोनों साथियों दिलीप और दीपक को भी गिरफ्तार कर लिया है। एसडीओपी बेहट मनीष यादव ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोच लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।