मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां पहली बार किसी हत्या, लूट या संगठित अपराध के बजाय भगवान लड्डू गोपाल की लापता प्रतिमा की तलाश के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। करीब पांच महीने पहले गुम हुई प्रतिमा की खोज में अब तीन थानों की संयुक्त पुलिस टीम लगातार जांच कर रही है।

अलकापुरी, सिटी सेंटर निवासी विजया शर्मा भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्त हैं। उनके अनुसार, 29 जनवरी को वह अपनी बहन के साथ कोतवाली क्षेत्र की सब्जी मंडी में खरीदारी करने गई थीं। इसी दौरान उनके साथ रहने वाले लड्डू गोपाल कहीं गुम हो गए। काफी तलाश के बाद भी प्रतिमा नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस से मदद मांगी।

आईजी के निर्देश पर बनी एसआईटी

लगातार शिकायतों के बाद मामला ग्वालियर रेंज के आईजी अरविंद सक्सेना तक पहुंचा। महिला की धार्मिक आस्था और भावनाओं को देखते हुए उन्होंने विशेष जांच दल गठित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद सीएसपी किरण अहिरवार के नेतृत्व में कोतवाली, जनकगंज और माधोगंज थाना पुलिस के जवानों को शामिल करते हुए एसआईटी बनाई गई, जो अब मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

महिला के लिए परिवार का सदस्य हैं लड्डू गोपाल

विजया शर्मा ने पुलिस को बताया कि लड्डू गोपाल उन्हें उनकी नानी से मिले थे और बचपन से ही वे उनकी पूजा-अर्चना करती आ रही हैं। उनके अनुसार, यह केवल एक धार्मिक प्रतिमा नहीं बल्कि उनके परिवार के सदस्य की तरह हैं, इसलिए उनकी तलाश उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

सब्जी विक्रेता पर जताया संदेह

महिला ने उस सब्जी विक्रेता पर भी संदेह जताया है, जिससे उन्होंने खरीदारी की थी। उनका कहना है कि उन्हें इस संबंध में एक स्वप्न भी आया था। साथ ही कुछ लोगों ने भी संबंधित व्यक्ति द्वारा लड्डू गोपाल को लेकर चर्चा करने की जानकारी दी थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

हर सूचना का किया जा रहा सत्यापन

पुलिस अधिकारियों के अनुसार एसआईटी सभी संभावित सुरागों पर काम कर रही है। मामले से जुड़ी हर सूचना का सत्यापन किया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द लापता प्रतिमा का पता लगाया जा सके।

ग्वालियर रेंज के आईजी अरविंद सक्सेना ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद विशेष जांच दल का गठन किया गया है और पुलिस पूरी गंभीरता के साथ जांच में जुटी है। उनका कहना है कि श्रद्धालु महिला की आस्था से जुड़े इस मामले का जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।