ग्वालियर के गिरवाई थाना इलाके में स्थित वीरपुर बांध पर शुक्रवार की शाम एक बड़ा हादसा सामने आया है। मछली पकड़ने की बात कहकर घर से निकले एक 40 वर्षीय मछुआरे की बांध के गहरे पानी में डूबने से जान चली गई।

तालाब जाने का कहकर निकला था युवक

पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, आपागंज के रहने वाले 40 वर्षीय शम्मी (पिता नौशे खान) शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे घर से यह कहकर निकले थे कि वे पास के तालाब पर मछली पकड़ने जा रहे हैं। हालांकि, वह तालाब की बजाय गिरवाई स्थित वीरपुर बांध के पास पहुंच गए।

अंदाजे के मुताबिक शाम चार से साढ़े चार बजे के बीच बांध के किनारे मछली पकड़ने की कोशिश के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे गहरे पानी में जा गिरे।

स्थानीय लोगों ने दी पुलिस को सूचना

घटनास्थल के आसपास मौजूद कुछ लोगों ने शम्मी को पानी में डूबते हुए देखा। लोगों ने तुरंत शोर मचाकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन बांध में पानी की गहराई अधिक होने के कारण कोई भी पानी में उतरने का साहस नहीं कर सका।

देखते ही देखते मछुआरा पानी में ओझल हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत गिरवाई थाना पुलिस को इस हादसे की जानकारी दी।

SDERF ने चलाया दो घंटे का रेस्क्यू अभियान

सूचना मिलते ही गिरवाई पुलिस और स्टेट डिजास्टर इमरजेंसी रिस्पॉन्स फोर्स (SDERF) की टीम गोताखोरों के साथ तत्काल वीरपुर बांध पर पहुंची। टीम ने बोट और उपकरणों की मदद से पानी में खोजबीन शुरू की।

पानी के नीचे अधिक गहराई और काई होने की वजह से शुरुआती चरणों में कुछ बाधाएं आईं, लेकिन करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने शव को पानी से बाहर निकाल लिया।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भिजवा दिया है। घटना के बाद से आपागंज स्थित मृतक के घर में मातम छाया हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।