ग्वालियर में दोस्त की पत्नी के विवाद ने ली युवक की जान, मुरार नदी में मिला शव; दो संदिग्ध हिरासत में

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के सिरोल थाना क्षेत्र में दोस्त की पत्नी को लेकर चल रहे विवाद ने एक युवक की जान ले ली। 21 वर्षीय दिनेश इंदौरिया का शव स्वास्तिक बैंक्वेट के पीछे मुरार नदी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने महिला के पति सूरज जाटव और उसके भाई गौरव जाटव पर दिनेश का अपहरण कर पीट-पीटकर हत्या करने और शव नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से दोनों आरोपी अपने परिवार सहित फरार बताए जा रहे हैं।

नदी में मिला युवक का शव

पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर सिरोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुरार नदी से शव बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान नारायण विहार कॉलोनी निवासी 21 वर्षीय दिनेश इंदौरिया के रूप में हुई। घटनास्थल के आसपास खून से सने लाठी-डंडे भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर लिया है।

दोस्ती बनी रंजिश की वजह

परिजनों के मुताबिक, मृतक का बड़ा भाई विकास इंदौरिया, आरोपी सूरज जाटव का दोस्त था। आरोप है कि कुछ समय पहले विकास, सूरज की पत्नी के साथ चला गया था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच गहरा विवाद चल रहा था और सूरज व उसका भाई गौरव दिनेश से भी रंजिश रखने लगे थे।

फोन पर दी थी धमकी

परिजनों का आरोप है कि सूरज और गौरव ने दिनेश को बातचीत के बहाने बुलाकर बंधक बना लिया। इसके बाद अहमदाबाद में मौजूद विकास इंदौरिया को फोन कर पत्नी से बात कराने की मांग की। जब विकास ने बताया कि महिला उसके साथ नहीं है, तो आरोपियों ने कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा, "अब अपने भाई की लाश उठाना।" कुछ समय बाद दिनेश का शव मुरार नदी में मिला।

आरोपी परिवार सहित फरार

घटना के बाद पुलिस ने मेहरा कॉलोनी स्थित आरोपियों के घर और मुरैना जिले के रिठौरा गांव सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी परिवार सहित फरार मिले। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान, फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों पर इनाम घोषित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।