ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर की अपील समिति के एक अनारक्षित सदस्य के निर्वाचन की प्रक्रिया शुक्रवार को नगर निगम परिषद सभागार, जलविहार फूलबाग में सम्पन्न हुई। निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन कलेक्टर एवं पीठासीन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 403(4) के तहत कराया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विशेष सम्मेलन में सबसे पहले सदन में उपस्थित पार्षदों को निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके बाद मास्टर ट्रेनर नीरज झा ने प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से मतदान एवं निर्वाचन संबंधी नियमों की विस्तृत जानकारी साझा की।
निर्धारित समय सीमा के भीतर केवल वार्ड क्रमांक-42 की पार्षद श्रीमती ममता अजय तिवारी ने अपना नामांकन दाखिल किया। उनके द्वारा प्रस्तुत दोनों नाम निर्देशन पत्रों की जांच में सभी दस्तावेज सही पाए गए। अन्य किसी उम्मीदवार द्वारा नामांकन दाखिल नहीं किए जाने तथा नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद श्रीमती ममता अजय तिवारी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
कलेक्टर एवं पीठासीन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने उन्हें अपील समिति के सदस्य निर्वाचित होने का प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया।
इस अवसर पर नगर निगम के अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव सहित जिला प्रशासन एवं नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में अपर कलेक्टर सी.बी. प्रसाद, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल बनवारिया, एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह, एसडीएम लश्कर नरेन्द्र बाबू यादव, एसडीएम मुरार नरेश गुप्ता तथा अन्य अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!