ग्वालियर पुलिस द्वारा अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पड़ाव थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फूलबाग स्थित वीरांगना लक्ष्मीबाई प्रतिमा के पास से एक संदिग्ध युवक को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह सूचना मिली थी कि लक्ष्मीबाई प्रतिमा के पास एक युवक कमर में हथियार छिपाकर किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही सहायक उपनिरीक्षक (ASI) लक्ष्मीनारायण शर्मा ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही युवक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी की कमर से 315 बोर का एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अवैध हथियार अहमदाबाद (गुजरात) से छिपाकर ग्वालियर लेकर आया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय वीरसिंह राजपूत उर्फ विक्की के रूप में हुई है। वह मूल रूप से भिंड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र के ग्राम आलमपुरा का निवासी है, जबकि वर्तमान में अहमदाबाद के परिहार नगर क्षेत्र में रह रहा था।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हथियार लेकर ग्वालियर किस उद्देश्य से आया था। अधिकारियों को आशंका है कि वह किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने या किसी गिरोह तक हथियार पहुंचाने की योजना के तहत शहर पहुंचा था।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किए जाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस रिमांड लेकर उसके नेटवर्क, हथियारों के स्रोत और संभावित साथियों के बारे में विस्तृत पूछताछ करेगी, ताकि पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सके।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!