ग्वालियर शहर में फिल्मी स्टाइल में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। गोसपुरा नंबर-1 स्थित साईंनाथ ज्वेलर्स में देर रात तीन नकाबपोश बदमाशों ने दुकान के ताले तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी पार कर दी।

लाखों के माल पर चोरों ने किया हाथ साफ

चोरों ने दुकान से करीब 6 किलो चांदी, 3 तोला सोने के जेवर और नकदी चुराई है। यह घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे हुई।

CCTV एंगल बदलकर और छत के रास्ते घुसे चोर

वारदात को अंजाम देने वाले चोर पूरी तैयारी में थे। उन्होंने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर नकाब और हाथों में ग्लव्स पहन रखे थे। दुकान में घुसने से पहले उन्होंने दुकान में लगे CCTV कैमरे का एंगल भी बदल दिया, ताकि उनकी करतूत कैमरे में कैद न हो सके। इसके बाद चोर छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम देकर उसी रास्ते से फरार हो गए।

सुबह जब आसपास के लोगों ने दुकान का टूटा ताला और खुला शटर देखा तो उन्होंने दुकान संचालक अभिषेक शर्मा को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचकर देखने पर दुकान के अंदर सामान बिखरा हुआ मिला, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई।

पुलिस CCTV फुटेज खंगालने में जुटी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन नकाबपोश बदमाश छत के रास्ते आते-जाते दिखाई दिए, लेकिन चेहरे ढके होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी।

फिलहाल पुलिस आसपास के रास्तों और इलाकों में लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि किसी न किसी कैमरे में चोरों की पहचान उजागर हो सकती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।