ग्वालियर। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान लगभग 3.20 लाख रुपये मूल्य की अवैध देशी एवं विदेशी शराब, 2800 किलोग्राम गुड़ लहान तथा दो लोहे की भट्टियां बरामद की गईं।
आबकारी विभाग द्वारा हजीरा, लाला का बाजार, कम्पू, तारागंज, माधवगंज, गोल पहाड़िया और भितरवार क्षेत्र के चीनोर-करहिया सहित कई स्थानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान हजीरा, कक्कड़ की बगिया, छतरी मंडी और माधवगंज क्षेत्र से बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई।

वहीं भितरवार के चीनोर-करहिया क्षेत्र के चमेली का चक, दुबहा-दुबही और लाल डांडा में अवैध शराब निर्माण की सामग्री भी पकड़ी गई। यहां प्लास्टिक टंकियों और जमीन में बने गड्ढों से कुल 2800 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद हुआ। आवश्यक नमूने लेने के बाद शेष गुड़ लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल की जा रही दो लोहे की भट्टियां भी जब्त की गईं।
इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुल 12 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें 11 मामले मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत तथा एक मामला धारा 34(1) एवं 45 के तहत पंजीबद्ध किया गया। विभाग के अनुसार आरोपी रीना सविता के खिलाफ पहले भी आबकारी अपराध दर्ज होने के कारण उसके विरुद्ध कठोर धाराओं में कार्रवाई की गई है।

यह अभियान कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में आबकारी अधिकारियों, उपनिरीक्षकों और विभागीय अमले द्वारा चलाया गया। विभाग ने साफ किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!