ग्वालियर में साइबर ठगों ने एक किसान को अपना शिकार बनाया है। मोबाइल के बंद होने की मामूली समस्या के बाद किसान को एक लाख रुपये की ठगी का पता चला। ठगों ने पहले किसान का मोबाइल हैक किया और फिर उसके बैंक खाते से सारी रकम उड़ा दी।
तकनीकी खराबी समझ मोबाइल फॉर्मेट होने पर हुआ खुलासा
मुरार थाना क्षेत्र के मुर्गी फार्म इलाके में रहने वाले 32 वर्षीय किसान दीपक राजपूत का 11 जून को अचानक मोबाइल बंद हो गया था। उन्होंने इसे एक सामान्य तकनीकी खराबी समझा और ज्यादा ध्यान नहीं दिया। जब दो दिन बाद वे मोबाइल ठीक कराने मैकेनिक के पास पहुंचे, तो मैकेनिक ने बताया कि मोबाइल को किसी ने फॉर्मेट कर दिया है।
यह सुनकर किसान को शक हुआ और वह तुरंत यूनियन बैंक की बड़ागांव शाखा पहुंचा। बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर उसके होश उड़ गए। उसके खाते से एक लाख रुपये गायब थे। अज्ञात साइबर ठगों ने ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए यह रकम निकाली थी।
APK फाइल के जरिए हैक हुआ मोबाइल?
प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि किसान के मोबाइल में किसी तरह की एपीके (APK) फाइल डाउनलोड हो गई होगी। इसी फाइल के जरिए ठगों ने मोबाइल का एक्सेस प्राप्त किया और फिर बैंक खाते तक पहुंचकर पूरी वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित किसान ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर इस ठगी की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मुरार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और साइबर एक्सपर्ट की मदद से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किसान का मोबाइल आखिर हैक कैसे हुआ और ठगी गई एक लाख रुपये की रकम किन खातों में ट्रांसफर की गई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!