ग्वालियर के व्यस्त इलाकों में शुमार छप्पर वाला पुल के पास स्थानीय पुलिस ने शुक्रवार दोपहर को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इंदरगंज थाना पुलिस द्वारा चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध दुग्ध विक्रेता को पकड़ा गया, जिसके पास से खतरनाक हथियार बरामद हुआ है।
इलेक्ट्रिक स्कूटी पर दूध की केन के पीछे छिपा था हथियार
पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी चमचमाती हैरियर इलेक्ट्रिक स्कूटी पर दूध की केन टांगकर इलाके से गुजर रहा था। जब पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, तो उसकी स्कूटी की डिक्की से 9 एमएम की एक अवैध रिवॉल्वर बरामद हुई। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था या हथियार की सप्लाई करने जा रहा था।
पकड़े गए आरोपी की पहचान 36 वर्षीय गिर्राज गुर्जर के रूप में हुई है, जो इंदर सिंह गुर्जर का पुत्र है और बेहट थाना क्षेत्र के ग्राम अरोरा का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने यह अवैध हथियार फालका बाजार स्थित शान गन हाउस के संचालक से बिना किसी वैध लाइसेंस के दो लाख रुपए में खरीदा था।
गन हाउस पर छापेमारी और दुकान सील
दूध विक्रेता द्वारा किए गए खुलासे के बाद इंदरगंज थाना प्रभारी दीप्ति सिंह तोमर तुरंत हरकत में आईं। वह पुलिस बल के साथ फालका बाजार स्थित संबंधित शान गन हाउस पर पहुंचीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर दिया और उसके संचालक को भी हिरासत में ले लिया है।
अधिकारियों का कहना है कि आरोपी संचालक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अपराधिक इतिहास और नेटवर्क की खंगाली जा रही कुंडली
इंदरगंज थाना प्रभारी दीप्ति सिंह तोमर ने जानकारी दी है कि पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि गन हाउस के संचालक ने अवैध रूप से और कितने लोगों को ऐसे हथियार बेचे हैं। इसके अलावा, गिर्राज गुर्जर के किसी आपराधिक गिरोह से संबंध हैं या नहीं, यह भी परखा जा रहा है।
आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाने के लिए बेहट थाने से उसका पिछला इतिहास मंगवाया गया है। पुलिस यह भी तस्दीक कर रही है कि इतनी महंगी रिवॉल्वर खरीदने के पीछे उसका असल मकसद क्या था।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!