ग्वालियर शहर में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हाल ही में माधौगंज थाना क्षेत्र के एक युवक के साथ यह घटना हुई, जब उसने वॉट्सएप पर आई एक अनजान लिंक पर क्लिक कर दिया। इस एक गलती के कारण साइबर अपराधियों ने उसके बैंक खाते से 74 हजार रुपये की रकम उड़ा ली।

जानकारी के अनुसार, माधौगंज थाना इलाके के सिंधी कॉलोनी निवासी संजय सेंगर को 12 मई की दोपहर करीब 3 बजे एक अनजान नंबर से वॉट्सएप पर एक लिंक आई। बिना किसी शक के उन्होंने उस लिंक को खोल लिया और फिर अपना मोबाइल जेब में रख लिया। उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि इस साधारण से क्लिक से साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते तक पहुंच बना ली है।

43 दिन बाद खुला राज

ठगी का पता 7 जून की शाम को चला, जब संजय ने अपने एक रिश्तेदार को 10 हजार रुपये भेजने की कोशिश की। बार-बार ट्रांजैक्शन फेल होने पर वह बैंक पहुंचे। बैंक में खाते की जांच करने पर पता चला कि उनके खाते से पहले ही 74 हजार रुपये निकाले जा चुके थे।

ठगी का पता चलते ही संजय ने माधौगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच के बाद, शिकायत दर्ज होने के 43 दिन बाद सोमवार रात को मामला दर्ज किया और साइबर ठगों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस और साइबर विशेषज्ञ लगातार लोगों को सलाह दे रहे हैं कि वे वॉट्सएप, एसएमएस या ईमेल पर आने वाली किसी भी अनजान लिंक पर बिना सोचे-समझे क्लिक न करें। आपकी एक छोटी सी लापरवाही आपकी मेहनत की कमाई को पल भर में खत्म कर सकती है।