ग्वालियर अंचल में पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर गिरोह को पकड़ा है जो वारदात को अंजाम देने के लिए मानसून की तेज बारिश का इंतजार करता था। यह गैंग बारिश के शोर की आड़ में दुकानों के शटर और ताले तोड़ती थी ताकि किसी को भनक न लगे।
बारिश के शोर और एक्टिवा का करते थे इस्तेमाल
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने 19-20 जुलाई की दरमियानी रात करीब 2 बजे ग्वालियर थाना क्षेत्र स्थित रविंद्र शर्मा की ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाया था। इससे पहले उन्होंने बैजाताल इलाके से एक एक्टिवा चुराई थी, जिसका उपयोग वे वारदात के समय करने के लिए करते थे। नकाबपोश चोरों ने दुकान के शटर को उठाकर अंदर घुसने का काम किया और सारा घटनाक्रम दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था।
सगे भाइयों पर दर्ज हैं 25 से ज्यादा आपराधिक मामले
पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों की पहचान योगेश मंडेलिया, राजेश मंडेलिया, अतुल शर्मा और श्याम सुंदर कुशवाह के रूप में की गई है। इनमें योगेश और राजेश सगे भाई हैं और उनके खिलाफ पहले से ही 25 से अधिक चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में इन्होंने अन्य राज्यों में भी वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली है।
पांच किलो से अधिक चांदी बरामद, रिमांड पर होगी पूछताछ
एडिशनल एसपी सुजावल जग्गा ने जानकारी दी कि पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 5 किलो 300 ग्राम चांदी के जेवर और मूर्तियां बरामद की हैं, जिसमें पायल, बिछिया, मुकुट, बांसुरी और चांदी की गाय-मछलियां शामिल हैं। पुलिस अब इन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि अन्य चोरियों के मामलों का भी खुलासा हो सके।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!