ग्वालियर अंचल के झांसी रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले केदारपुर छोटी मढ़ैया गांव में सामने आए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। ऑनलाइन गेमिंग की बुरी लत और भारी कर्ज के दलदल में फंसे मुख्य आरोपी के डिजिटल रिकॉर्ड खंगालने पर गंभीर तथ्य सामने आए हैं, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है।

एक महीने में ऑनलाइन गेम में झोंके 35 लाख रुपए

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी राधे गुर्जर ऑनलाइन गेमिंग का आदी था। जब पुलिस ने रिमांड के दौरान उसके बैंक खातों की जांच की, तो सामने आया कि उसने सिर्फ एक महीने के भीतर अपने अकाउंट से 35 लाख रुपए खर्च किए थे। यह सारा पैसा ऑनलाइन गेमिंग में गंवाया गया था, जिसके चलते उस पर भारी कर्ज हो गया था।

गंभीर बात यह है कि आरोपी राधे पहले मृतक पुरुषोत्तम गुर्जर के ब्याज के कारोबार में हाथ बंटाता था। हालांकि, बाद में हिसाब में गड़बड़ी और बढ़ते कर्ज के कारण उसे इस काम से हटा दिया गया था, जिससे दोनों के बीच दूरियां बढ़ गई थीं।

खेत में मिला था 35 वर्षीय युवक का लहूलुहान शव

गौरतलब है कि 14 अक्टूबर की सुबह केदारपुर छोटी मढैया गांव के पास एक खेत में 35 वर्षीय पुरुषोत्तम गुर्जर का शव मिला था। फॉरेंसिक जांच के दौरान मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले थे, जिसमें गर्दन पर पांच और सिर पर दो गहरे घाव शामिल थे। इतनी बेरहमी से किए गए हमले ने यह साफ कर दिया था कि हत्यारों के मन में मृतक के प्रति गहरी दुश्मनी थी।

घटनास्थल से पुलिस को लेनदेन से जुड़ी एक पर्ची भी बरामद हुई थी, जिससे पुलिस का शक तुरंत वित्तीय विवाद और ब्याज के कारोबार पर गया। इसके बाद पुलिस ने संदेहियों की फेरहिस्ट तैयार की और जांच का दायरा बढ़ाया।

चबूतरे पर रची गई थी हत्या की खौफनाक साजिश

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी रमन गुर्जर, राधे उर्फ राधाकृष्ण गुर्जर, छोटू उर्फ राहुल और विजय उर्फ खैरी ने पुरुषोत्तम से 20 प्रतिशत तक के भारी ब्याज पर पैसे ले रखे थे। मृतक रोज उनसे तगादा करता और गांव में सबके सामने बेइज्जती भी करता था। इसी अपमान से तंग आकर चारों ने वारदात से तीन दिन पहले गांव के चबूतरे पर बैठकर पुरुषोत्तम को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी।

झांसी रोड थाना पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन की रिमांड पर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली है और मामले से जुड़े सभी डिजिटल साक्ष्यों की गहराई से जांच की जा रही है।