ग्वालियर शहर के हजीरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मां वैष्णोपुरम इलाके में एक सरकारी शिक्षक और स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत उनकी पत्नी के साथ धोखाधड़ी और चोरी की एक चौंकाने वाली घटना प्रकाश में आई है। दंपती ने अपनी ही सगी साली पर घर के लॉकर से लाखों रुपए के गहने और नकदी पार करने का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
नौकरीपेशा दंपती ने किया था साली पर भरोसा
शिकायतकर्ता प्रभाकर सिंह नरवरिया भिंड जिले के हसनपुरा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। वहीं उनकी पत्नी रचना स्वास्थ्य विभाग में एएनएम के पद पर पदस्थ हैं। दोनों पति-पत्नी के अपनी ड्यूटियों पर व्यस्त रहने के कारण, उनके बच्चों और घर-गृहस्थी की देखभाल के लिए रचना की छोटी बहन पूजा नरवरिया उनके साथ ही निवास करती थी। घर और अलमारी की चाबियां भी उसी के पास सुरक्षित रहती थीं।
अप्रैल में खुला राज, लॉकर से गायब मिला सामान
शिक्षक प्रभाकर सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी रचना ने गत 11 जनवरी को अलमारी का लॉकर चेक किया था, उस समय उसमें रखे गए जेवरात और नकदी पूरी तरह सुरक्षित थे। इसके बाद जब 12 अप्रैल को दोबारा लॉकर खोला गया, तो उसमें रखे करीब 22 लाख रुपए मूल्य के सोने के जेवर और 70 हजार रुपए की नकदी गायब मिली। गायब हुए सोने के गहनों का कुल वजन करीब 15 तोला बताया गया है।
पंचायत में दिया था आश्वासन, बाद में प्रेमी पर मढ़ा आरोप
घटना के सामने आने के बाद जब प्रभाकर ने अपनी साली पूजा से इस बारे में पूछताछ की, तो वह हीले-हवाप्ले करने लगी। इसके बाद मामले की जानकारी उसके माता-पिता रणवीर सिंह और मायादेवी को दी गई। बुलाई गई पारिवारिक पंचायत के दौरान पूजा ने चोरी किया गया सारा सामान वापस लौटाने की बात स्वीकार की थी, लेकिन बाद में वह अपने बयान से मुकर गई।
परिजनों का कहना है कि आरोपी युवती का किसी अन्य युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा है। अब वह यह दलील दे रही है कि घर के लॉकर से चुराए गए जेवर और नकदी को उसका प्रेमी अपने साथ लेकर चला गया है और लौटाने से मना कर रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश जारी
हजीरा थाने के प्रभारी जितेन्द्र सिंह तोमर ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित फरिय़ादी की शिकायत के आधार पर चोरी का कानूनी प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी युवती तथा चोरी किए गए सामान की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!