पार्किंग एरिया में बिना अनुमति चल रहा था निर्माण
ग्वालियर शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती दिखाते हुए बड़ा कदम उठाया है। वार्ड क्रमांक 21 के अंतर्गत आने वाली न्यू बैंक कॉलोनी में पार्किंग के लिए निर्धारित जगह पर अवैध रूप से 18 दुकानें खड़ी कर ली गई थीं। इन दुकानों के निर्माण के लिए स्थानीय प्रशासन या नगर निगम से किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी, जिस कारण यह कार्रवाई की गई।
नोटिस के बाद भी नहीं हटाया गया अतिक्रमण
नगर निगम के भवन अधिकारी यशवंत मैकले ने जानकारी दी कि निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के स्पष्ट निर्देशों के बाद यह कार्रवाई अंजाम दी गई है। सिटी प्लानर सुरेश अहिरवार के मार्गदर्शन में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। भवन मालिकों मोहन वादिल और ऋषभ जैन को नियमों के तहत पहले ही नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन तय समय सीमा में अवैध निर्माण नहीं हटाने पर मदाखलत अमले को बुलडोजर लेकर मौके पर उतरना पड़ा।
थौराट की गोठ और मुरार क्षेत्र में भी चली कार्रवाई
कार्रवाई का दायरा सिर्फ न्यू बैंक कॉलोनी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि निगम की टीम ने पूर्व विधानसभा क्षेत्र के माधव प्लाजा के सामने थौराट की गोठ में भी शिकंजा कसा। यहां सड़क पर अवैध रूप से बनाई गई एक दीवार को तोड़ा गया और मौके से गेट तथा फावड़े समेत अतिक्रमण में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान भी जब्त कर लिया गया।
इसके पश्चात निगम के मदाखलत अमले ने मुरार बारादरी से लेकर गर्ल्स कॉलेज तक विशेष अभियान संचालित किया। इस दौरान सदर बाजार, अग्रसेन चौराहा, गणेश मंदिर और गर्म सड़क जैसे प्रमुख इलाकों में यातायात में बाधा बन रहे हाथ ठेलों और फुटपाथ पर कब्जा जमाने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की गई। सड़क किनारे रखा सामान जब्त कर मदाखलत कार्यालय में जमा कराया गया है।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान मदाखलत अधिकारी शैलेंद्र चौहान, जोनल ऑफिसर सौरव चौधरी और मदाखलत निरीक्षक सुघर सिंह सिसोदिया सहित भारी संख्या में निगम का अमला और बल मौजूद रहा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!