ग्वालियर शहर के निवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। बारिश के मौसम में गड्ढों और जलभराव की समस्या से जूझने वाले स्थानीय लोगों को अब सुगम आवागमन मिलने की उम्मीद बंध गई है। राज्य सरकार की द्वारका नगरी योजना के तहत शहर के विकास कार्यों के लिए कुल 286.91 करोड़ रुपए के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं।
सड़कों के साथ सीवर और ड्रेनेज पर भी रहेगा जोर
इस बड़ी योजना के तहत 155 करोड़ रुपए की लागत से शहर की 28 प्रमुख सड़कों का कायापलट किया जाएगा। इसके अलावा, 113.14 करोड़ रुपए की राशि नालों, सीवर लाइनों और एसटीपी के निर्माण कार्यों पर खर्च की जाएगी। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख अभियंता प्रदीप एस. मिश्रा ने इस संबंध में नगर निगम से विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट मांगी है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि टेंडर और अन्य तकनीकी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं तथा राशि मिलते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
विधानसभा क्षेत्रों के हिसाब से होगा कार्यों का बंटवारा
प्रस्तावित कार्यों के तहत ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 14 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इनमें एसपी ऑफिस से सिल्वर स्टेट तिराहा, मानसिंह चौराहा, टाइगर चौक से दाने बाबा चौराहा, और भिंड रोड स्थित कृष्णा कॉम्प्लेक्स व सेंट्रल एकेडमी मार्ग शामिल हैं। वहीं ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में 8 सड़कों का निर्माण होगा, जिसमें हजीरा चौराहे से बिरला नगर पुल तक 1100 मीटर लंबी सड़क बनाने पर 11 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में 6 सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है, जिसमें कंपू थाने से गुड़ा गुड़ी का नाका और महाराज बाड़ा से सराफा बाजार मार्ग भी शामिल हैं।
ठेकेदारों के लिए कड़ी शर्तें और सुरक्षा इंतजाम
शासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि केवल डामर बिछाने वाले ठेकेदारों के प्रस्तावों को वित्तीय स्वीकृति नहीं दी जाएगी। निर्माण एजेंसी को सड़क के साथ-साथ ट्रैफिक मैनेजमेंट और रोड सेफ्टी के तमाम इंतजाम भी सुनिश्चित करने होंगे। जिन क्षेत्रों में पानी, सीवर या नाले की लाइनें डालने का काम अधूरा है, उसे सड़क निर्माण के साथ ही पूरा किया जाएगा ताकि नई सड़क बनने के बाद उसे दोबारा न खोदना पड़े।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!