ग्वालियर जिले में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर अवैध शस्त्र रखने वाले पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन सभी आरोपियों से हथियारों की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ की जा रही है।
विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश
पुलिस की इस कार्रवाई की चपेट में आए आरोपियों में दो नाबालिग भी हैं। शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि इनमें से कुछ आरोपी केवल शौक के चलते अवैध हथियार कमर में खुर्रे घूम रहे थे, जबकि बाकियों ने किसी पुरानी रंजिश या अपनी सुरक्षा का हवाला दिया है। पुलिस अब हथियारों के सप्लायरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
गोला का मंदिर और थाटीपुर में धड़पकड़
गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिड़ला नगर पुल के पास पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अमन शर्मा (23) को दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला, जिस पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी ने कबूला कि उसने दुश्मनी के चलते हथियार रखा था। वहीं, थाटीपुर थाना इलाके के सी-ब्लॉक दशहरा मैदान से पुलिस ने 17 वर्षीय एक नाबालिग को पकड़ा, जिसके पास से भी 315 बोर का कट्टा और कारतूस बरामद हुआ। उसने यह हथियार केवल शौक के लिए रखना बताया।
कंपू और पुरानी छावनी पुलिस की कार्रवाई
कंपू थाना क्षेत्र में पुलिस ने फायरिंग रेंज के पास से 16 वर्षीय नाबालिग को पकड़ा, जो मोनी बाबा की पहाड़िया का रहने वाला है। उसके कब्जे से भी 315 बोर का कट्टा और कारतूस मिला, जिसे उसने किसी दोस्त से लेना स्वीकार किया है। इसके अलावा पुरानी छावनी थाना पुलिस ने बीलपुरा की पुलिया के पास दबिश देकर अमन होल्कर जाटव (19) को गिरफ्तार किया। जिनावली गांव के रहने वाले इस युवक के पास से भी अवैध कट्टा और कारतूस मिला है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने यह हथियार एक एजेंट से खरीदा था।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!