ग्वालियर के हजीरा थाना इलाके के इंद्रा नगर में पुरानी रंजिश को लेकर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां घर के बाहर खड़े होकर फोन पर बात कर रहे 10वीं कक्षा के एक छात्र पर उसके ही पड़ोसी ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने छात्र के सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
घर के बाहर फोन पर बात कर रहा था छात्र
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार शहर का नाका स्थित इंद्रा नगर निवासी 16 वर्षीय मनवेश वर्मा (पुत्र नरेश शर्मा) 10वीं कक्षा में पढ़ाई करता है। मंगलवार को वह अपने घर के बाहर खड़ा होकर मोबाइल पर किसी से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान वहां उसका पड़ोसी कल्लू वर्मा पहुंच गया और पुराने विवाद को लेकर छात्र के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
जब मनवेश ने आरोपी को गाली देने से रोका, तो उसने गुस्से में आकर अपनी जेब से चाकू निकाल लिया और छात्र पर अचानक हमला बोल दिया। आरोपी ने ताबड़तोड़ वार करते हुए चाकू मनवेश की बाईं कनपटी और सिर पर मार दिए, जिससे उसका चेहरा बुरी तरह कट गया और अत्यधिक खून बहने लगा।
पिता के आने पर धमकी देकर भागा आरोपी
छात्र की चीख-पुकार और रोने की आवाज सुनकर घर के अंदर मौजूद उसके पिता तुरंत दौड़कर बाहर आए। पिता को अपनी तरफ आते देख हमलावर कल्लू वर्मा ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही हजीरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में पीड़ित छात्र को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने छात्र के परिजनों की शिकायत पर आरोपी पड़ोसी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
हजीरा थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह तोमर ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित छात्र और उसके परिजनों के बयानों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल छात्र का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद से आरोपी अपने घर से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे हिरासत में ले लिया जाएगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!