गुना जिले की मृगवास थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए दो अंतर्राज्यीय तस्करों को दबोच लिया है। आरोपियों के पास से पांच किलो से ज्यादा अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये दोनों आरोपी ओडिशा से मादक पदार्थ की खेप लेकर आए थे और स्थानीय क्षेत्र में इसकी सप्लाई करने की फिराक में थे।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि पीपलहेड़ा तिराहे के पास कुछ संदिग्ध लोग अवैध मादक पदार्थ के साथ खड़े हैं। इस पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की। पुलिस बल को अपनी ओर आता देख दोनों संदिग्धों ने वहां से भागने की कोशिश की, जिन्हें मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिसकर्मियों ने दबोच लिया।

प्लास्टिक के कट्टे में छिपाकर रखा था मादक पदार्थ

पकड़े गए आरोपियों की पहचान गरीब सूना (40) पुत्र और गुणसागर टांड़ी (25) के रूप में हुई है। दोनों ही आरोपी ओडिशा राज्य के बलांगीर जिले के पटनावड़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से एक प्लास्टिक का कट्टा मिला, जिसमें कुल 5.084 किलोग्राम अवैध गांजा भरा हुआ था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर जब्ती की कार्रवाई पूरी की है।

पहले भी जेल जा चुके हैं आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि ये दोनों तस्कर शातिर अपराधी हैं और पहले भी इसी थाने द्वारा गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पूर्व में भी इन्हें 26 मई को अन्य साथियों के साथ पकड़ा गया था। फिलहाल मृगवास थाने में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 121/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध नेटवर्क के अन्य छोरों का भी पता लगाया जा सके।