प्यार के जाल में फंसाकर बनाए शारीरिक संबंध

गुना शहर की रहने वाली 27 वर्षीय युवती ने स्थानीय कैंट थाने में एक गंभीर मामला दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि जोगी मोहल्ला (पुरानी छावनी) निवासी अशोक रजक ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर कई बार उसकी मर्जी के खिलाफ संबंध बनाए। पीड़िता के अनुसार, आरोपी एक मंदिर में सेवादार का काम करता है।

वर्ष 2017 से शुरू हुई थी पहचान

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, युवती और अशोक की पहचान साल 2017 में कंप्यूटर क्लास के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी। इसके बाद साल 2021 में आरोपी ने उसे गुलाबगंज स्थित अपने किराए के कमरे पर बुलाया और शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी आरोपी अलग-अलग जगहों पर बुलाकर उससे यही वादा करता रहा।

इंदौर ले जाकर किराए के कमरे में रखा

मामला तब और गंभीर हो गया जब 6 मई को आरोपी युवती को बहलाकर गुना से इंदौर ले गया। वहां विजय नगर इलाके में एक कमरा किराए पर लेकर उसे रखा गया। बाद में पीड़िता को पता चला कि अशोक पहले से ही शादीशुदा है। जब उसने इस बारे में पूछताछ की, तो आरोपी ने पत्नी को तलाक देने और फिर शादी करने की झूठी बात कहकर उसे शांत करा दिया।

जिंदगी की पहली और आखिरी गलती समझकर माफ कर दो... जीवन में दोबारा ऐसी गलती नहीं होगी।

पीड़िता ने बताया कि जब उसने शादी के लिए लगातार दबाव बनाना शुरू किया, तो आरोपी का रवैया बदल गया। 13 अगस्त को इंदौर में अशोक ने उसके साथ मारपीट की। हद तो तब हो गई जब उसने पानी गर्म करने वाली रॉड से करंट लगाया और जान से मारने की नीयत से चाकू दिखाकर धमकाया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को दबोचा

प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने कैंट थाने में न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने इस मामले में 31 अगस्त को अपराध क्रमांक 746/26 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 69 और 115(2) के तहत कार्रवाई की। इसके महज दो दिन बाद, यानी 2 सितंबर को पुलिस ने आरोपी अशोक रजक को धर दबोचा। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।