गुना शहर में यातायात व्यवस्था लगातार बदहाल होती जा रही है और ई-रिक्शा चालकों की मनमानी चरम पर पहुंच चुकी है। नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले इन चालकों के कारण शहर की सड़कों पर आए दिन जाम और हादसों का माहौल बना रहता है।

रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर किया स्टंट

इसी बेपरवाह रवैये का एक गंभीर मामला रविवार रात को गुना रेलवे स्टेशन परिसर से सामने आया है। यहां सबसे व्यस्त रहने वाले मुख्य प्रवेश द्वार के पास एक ई-रिक्शा चालक ने तेज रफ्तार में वाहन को गोल-गोल घुमाकर खतरनाक स्टंट किया।

घटना के वक्त वहां से कई आम यात्री गुजर रहे थे। जरा सी भी लापरवाही या चूक होने पर बड़ा हादसा हो सकता था और किसी भी यात्री की जान खतरे में पड़ सकती थी। इस खतरनाक करतब का वीडियो भी सामने आया है।

सुरक्षाकर्मियों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

हैरानी की बात यह है कि जब यह सब चल रहा था, तब न तो मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने इस पर ध्यान दिया और न ही शहर की यातायात पुलिस की नजर इस ओर पड़ी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गुना में इन दिनों ई-रिक्शा और ऑटो चालकों की संख्या बहुत बढ़ गई है। इनमें से कई लोगों के पास न तो वैध लाइसेंस हैं और न ही उनके वाहन के कागजात पूरे हैं। कई बार नाबालिग और अप्रशिक्षित चालक भी सड़कों पर वाहन दौड़ाते नजर आते हैं।

नागरिकों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

शहर के व्यस्त इलाकों जैसे जयस्तंभ चौराहा, हाट रोड, हनुमान चौराहा, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर ये चालक बीच सड़क पर वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह ठप हो जाती है।

क्षेत्र के नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लापरवाह और स्टंटबाज चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।