कार्यालय परिसर में हुआ भारी हंगामा
गुना जिला कलेक्ट्रेट भवन में स्थित आदिम जाति कल्याण विभाग के कार्यालय में मंगलवार दोपहर के समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई। यहां कार्यालयीन कामकाज के दौरान दो कर्मचारी आपस में भिड़ गए, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
अटेच शिक्षक और अधीक्षक के बीच विवाद
यह पूरा घटनाक्रम खेरीखता कन्या छात्रावास के अधीक्षक वीरेंद्र विमल और विभाग में अटैच शिक्षक मंगल सिंह शर्मा के बीच हुआ। दोनों के बीच अनुपस्थिति दर्ज करने के एक मामले को लेकर पहले तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
विवाद इतना बढ़ा कि दिव्यांग अधीक्षक वीरेंद्र विमल ने गुस्से में आकर अपनी बैसाखी से शिक्षक मंगल सिंह पर प्रहार कर दिया। इस हमले में शिक्षक मंगल सिंह को हल्की चोटें आने की सूचना है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर यह हंगामा लगभग एक घंटे तक बिना किसी रोक-टोक के चलता रहा। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान कक्ष या आसपास कोई भी सुरक्षाकर्मी बीच-बचाव के लिए मौजूद नहीं दिखा।
हंगामे के दौरान अधीक्षक वीरेंद्र विमल अपना तिपहिया वाहन लेकर सीधे कार्यालय के अंदर तक पहुंच गए थे। वहीं, पीड़ित शिक्षक ने आरोपी अधीक्षक पर शराब के नशे में होने का गंभीर आरोप भी लगाया है, जिसकी प्रशासनिक स्तर पर चर्चा बनी हुई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!