गुना के कैंट थाना अंतर्गत सिंगवासा इलाके में बुधवार की सुबह एक भीषण रेल हादसा सामने आया। यहां एक युवक पटरी के किनारे चलते हुए मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रहा था, तभी वह अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया। मौके पर एक साथ दो ट्रेनें गुजरने के कारण यह हादसा हुआ।

शिवपुरी का रहने वाला था मृतक युवक

हासे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 24 वर्षीय सुरेंद्र प्रजापति के रूप में हुई है, जो चम्पालाल प्रजापति का बेटा था। वह मूल रूप से शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले डांगोरा गांव का रहने वाला था। पिछले कुछ समय से वह अपने परिवार के साथ गुना के कैंट इलाके की चौरसिया कॉलोनी में निवास कर रहा था।

सब्जी का ठेला लगाकर चलाता था परिवार

मृतक सुरेंद्र गुना में रहकर सब्जी का ठेला लगाता था और इसी से अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था। बुधवार की सुबह वह सिंगवासा क्षेत्र की तरफ घूमने के लिए निकला हुआ था। इसी दौरान वह रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गया और फोन पर व्यस्त था।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और जीआरपी दल तत्काल प्रभाव से मौके पर पहुंचा। गंभीर हालत में युवक को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका परीक्षण करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल में औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के तमाम पहलुओं की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।