मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए चिकित्सा उपकरण और कार्यालयीन सामग्री की खरीदी को लेकर एक बड़ा प्रशासनिक असमंजस सामने आया है। गुना जिले में एक ऐसे स्वास्थ्य केंद्र के नाम पर उपकरणों की सूची तैयार कर दी गई है, जिसका जिले की भौगोलिक सीमा में कोई अस्तित्व ही नहीं है।

संचालनालय से जारी हुई है सामग्री की सूची

प्रदेश के अस्पतालों में चिकित्सीय सुविधाएं बेहतर करने के लिए लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संचालनालय, भोपाल द्वारा हर जिले के अस्पतालों के लिए बजट और उपकरणों का निर्धारण किया गया है। इसी प्रक्रिया के तहत अस्पताल प्रशासन शाखा से एक विस्तृत सूची जारी की गई है, जिसमें उपकरणों की खरीदी के निर्देश दिए गए हैं।

जारी की गई सूची के अनुसार, गुना जिले के अंतर्गत 'CHC Rajpur' को एक स्वास्थ्य संस्था के रूप में दर्ज किया गया है। उप संचालक, अस्पताल प्रशासन के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश में इस तथाकथित केंद्र के लिए भारी मात्रा में फर्नीचर और अन्य उपकरण निर्धारित किए गए हैं, जिस पर अब सवाल खड़े होने लगे हैं।

चौदह लाख से अधिक का हुआ है बजट आवंटन

दस्तावेजों के मुताबिक गुना जिले के लिए कुल 14,62,552 रुपये का 'कैटेगरी सी' बजट आवंटित किया गया है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह पूरी राशि केवल राजपुर के लिए थी या पूरे जिले का संयुक्त आवंटन है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने स्पष्ट किया है कि यह चौदह लाख से अधिक की राशि पूरे जिले के समग्र स्वास्थ्य कार्यों के लिए है।

पूरे राज्य के लिए इस श्रेणी के तहत लगभग 7.17 करोड़ रुपये का कुल बजट दर्ज है। ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि जब जिले में राजपुर नाम का कोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र है ही नहीं, तो वहां के नाम पर डिमांड कैसे पहुंची और किस आधार पर यह आवंटन किया गया।

सीएमएचओ ने भोपाल भेजी है स्थिति की रिपोर्ट

इस पूरे मामले में गैप असेसमेंट और फैसिलिटी वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पर भी गंभीर प्रश्नचिन्ह लग गए हैं। उपलब्ध दस्तावेजों से यह साफ नहीं हो पा रहा है कि किस आधार पर वस्तुओं की संख्या तय की गई, क्योंकि मौके पर केंद्र का होना ही साबित नहीं होता।

गुना के सीएमएचओ डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर ने इस विसंगति की पुष्टि करते हुए बताया कि संचालनालय को आधिकारिक पत्र लिखकर सूचित कर दिया गया है कि गुना जिले में 'CHC Rajpur' नाम से कोई भी स्वास्थ्य संस्था संचालित नहीं है। विभाग ने इस संबंध में उच्च स्तर से मार्गदर्शन मांगा है।