ग्वालियर-चंबल अंचल के गुना जिले के जामनेर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता को अपनी हवस का शिकार बनाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई थी, लेकिन स्थानीय पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को शिकंजे में ले लिया।
आधी रात घर में घुसा था आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार की है जब पीड़िता ने थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। महिला ने शिकायत में बताया कि आरोपी हेम सिंह नाथ उनके घर में आधी रात के वक्त जबरन घुस आया था। इसके बाद उसने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
आठ घंटे के भीतर पुलिस की गिरफ्त में आया आरोपी
महिला की शिकायत मिलते ही जामनेर थाना पुलिस हरकत में आ गई और फौरन गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और ताबड़तोड़ दबिश देते हुए आरोपी हेम सिंह पुत्र आलम नाथ (उम्र 34 वर्ष), निवासी ग्राम हिलगना, थाना बजरंगगढ़ को धर दबोचा।
न्यायालय के आदेश पर भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद उसे स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के निर्देश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस त्वरित और सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में जामनेर थाना प्रभारी टीआई मनोज मेहरा, एसआई जगदीश जाटव, प्रधान आरक्षक रमेश दोहरे, आरक्षक पंजाब सिंह गुर्जर, शिवकुमार सुमन, गजेन्द्र सिंह गुर्जर, महिला आरक्षक आकांक्षा भार्गव और सैनिक महिपाल सिंह शामिल रहे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!