विशाखापट्टनम-भगत की कोठी एक्सप्रेस में हुई वारदात

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले की रहने वाली एक महिला यात्री के साथ ट्रेन में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। सफर के दौरान अज्ञात बदमाशों ने उनकी सीट के नीचे रखा हुआ ट्रॉली बैग पार कर दिया। इस बैग में महंगे कपड़ों के साथ-साथ भारी मात्रा में सोने के आभूषण भी रखे हुए थे।

बैग में रखे थे चार तोले सोने के गहने

पीड़ित महिला दुर्गेश नंदी, जो शहडोल की शर्मा कॉलोनी की निवासी हैं, विशाखापट्टनम-भगत की कोठी एक्सप्रेस (ट्रेन क्रमांक 18573) के कोच B-2 में सफर कर रही थीं। वह अपनी सीट नंबर 5 पर रात के वक्त ट्रॉली बैग नीचे रखकर सो गईं। अगली सुबह जब उनकी आंख खुली, तो बैग अपनी जगह पर नहीं मिला। चोरी गए सामान में दो सोने की चूड़ियां और एक सोने का ब्रेसलेट शामिल था, जिनका कुल वजन लगभग चार तोला था।

गुना जीआरपी थाने में दर्ज हुआ मामला

घटना के बाद पीड़िता ने जोधपुर जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शुरुआती जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि यह घटना गुना रेलवे थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है। इसके बाद जोधपुर से जीरो एफआईआर की केस डायरी डाक के जरिए गुना जीआरपी को प्राप्त हुई, जिसके आधार पर अब स्थानीय पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(2) के तहत असल अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार फरियादिया द्वारा चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 95 हजार रुपए दर्ज कराई गई है। फिलहाल गुना जीआरपी थाने की टीम अज्ञात चोर की तलाश में जुट गई है और ट्रेन के स्टॉपेज तथा अन्य माध्यमों से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।