गुना जिले के राघौगढ़ की बेटी मानसी वास्त्री अब उच्च शिक्षा के लिए पेरिस जाने वाली हैं। उनका चयन सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में पीएचडी के लिए किया गया है। उनकी इस सफलता से पूरे अंचल में हर्ष का माहौल है और स्थानीय स्तर पर उन्हें बधाइयां मिल रही हैं।

साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं मानसी

मानसी वास्त्री के पिता पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल के पद पर सेवाएं दे रहे हैं, जबकि उनकी माता एक ग्रहणी हैं। मानसी की शुरुआती शिक्षा राघौगढ़ के ही सत्य साई स्कूल से पूरी हुई। इसके बाद उन्होंने राघौगढ़ डिग्री कॉलेज से स्नातक (बीए) की डिग्री हासिल की और आगे की पढ़ाई के लिए गुना के पीजी कॉलेज से एमए किया।

भोपाल गैस त्रासदी पर कर चुकी हैं अध्ययन

उनकी रुचि मेडिकल एंथ्रोपोलॉजी और मेडिकल ऑन्कोलॉजी विषयों में विशेष रूप से रही है। उन्होंने विभिन्न संस्थानों के साथ मिलकर फील्ड वर्क किया है। इसके अलावा उन्होंने प्रसिद्ध प्रोफेसर डॉ. प्रमोद फेमियान के साथ मिलकर भोपाल गैस त्रासदी से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी शोध कार्य और अध्ययन किया है।

यूरोप और ब्रिटेन के विश्वविद्यालयों से मिले थे ऑफर

पीएचडी के लिए आवेदन करने के बाद मानसी की मेहनत रंग लाई। उन्हें यूरोप की प्रतिष्ठित ईएचईएसएस (EHESS) पेरिस, इरेसमस यूनिवर्सिटी के साथ-साथ यूके की लैंकेस्टर यूनिवर्सिटी से भी पीएचडी करने का आमंत्रण मिला था। इनमें से मानसी ने ईएचईएसएस, पेरिस में प्रवेश लेने का निर्णय लिया है।

विधायक जयवर्धन सिंह ने किया सम्मानित

शनिवार को राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने मानसी वास्त्री से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। विधायक ने कहा कि राघौगढ़ की बेटी का पेरिस जाकर उच्च शिक्षा और शोध कार्य करना क्षेत्र के लिए बड़े गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि मानसी अपनी प्रतिभा से राघौगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।