गुना जिले के राघौगढ़ इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी धरपकड़ के बाद विभिन्न इलाकों से चोरी किए गए वाहनों का बड़ा जखीरा हाथ लगा है।

संदिग्ध हालत में मिले थे युवक

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में लगातार सामने आ रही वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए थे और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। इसी प्रक्रिया के तहत स्थानीय जेपी कॉलेज के पास पुलिस टीम को एक मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध युवक नजर आए।

घेराबंदी कर रोके जाने पर ये युवक वाहन से जुड़े कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाए और गोलमोल जवाब देने लगे। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो पता चला कि यह मोटरसाइकिल राघौगढ़ थाने में दर्ज चोरी के एक मामले से जुड़ी हुई है।

कई थाना क्षेत्रों से चुराई थीं गाड़ियां

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने राघौगढ़ के अलावा गुना जिले के कोतवाली, कैंट, धरनावदा, जामनेर और मधुसूदनगढ़ थाना क्षेत्रों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गुना के साथ-साथ इंदौर और पड़ोसी राज्य राजस्थान से भी चोरी की गई गाड़ियां बरामद की हैं।

पूर्व में दर्ज मामलों का हवाला देते हुए पुलिस ने बताया कि 14 अक्टूबर को साडा कॉलोनी से एक होंडा साइन बाइक चोरी हुई थी, जबकि 21 अगस्त को राघौगढ़ तहसील के सामने से एक हीरो स्प्लेंडर प्लस गाड़ी गायब हुई थी। इन दोनों मामलों के संबंध भी आरोपियों से पूछताछ में जुड़ गए हैं।

बीस लाख रुपए कीमत के वाहन जब्त

पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के मार्गदर्शन में चलाई गई इस विशेष कार्रवाई के दौरान कुल 20 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। जब्त किए गए इन सभी दोपहिया वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब बीस लाख रुपए आंकी गई है।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और अन्य चोरी गई गाड़ियों के ठिकानों का भी पता लगाया जा सके।