अपराध और कानून व्यवस्था के बीच सुकून के पल

गुना में पुलिसकर्मियों की दिनचर्या अक्सर अपराधियों की तलाश और कानून व्यवस्था बनाए रखने की चुनौतियों से भरी रहती है। ऐसे में काम के तनाव को दूर करने और तन-मन को तरोताजा करने का अवसर तब मिला जब पुलिसकर्मियों को कुछ खाली समय मिला।

प्रताप छात्रावास के मैदान में दिखा खेल का रोमांच

शनिवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे प्रताप छात्रावास के परिसर में एक अलग ही रौनक देखने को मिली। पथ संचलन की सुरक्षा और व्यवस्था में तैनात पुलिस अधिकारी और कर्मचारी कुछ देर के लिए खेल के मैदान में उतर आए और बच्चों के साथ क्रिकेट का आनंद लिया।

आरक्षक की गेंदबाजी पर टीआई ने संभाला बल्ला

इस दौरान सिटी कोतवाली के थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा भी खुद को क्रिकेट खेलने से रोक नहीं पाए। मैदान पर दूसरे छोर से एक आरक्षक ने गेंदबाजी संभाली और टीआई राजकुमार शर्मा ने हाथ में बल्ला थाम लिया। उनके शॉट्स पर गेंद सीधे बाउंड्री पार जाती नजर आई, जिससे वहां मौजूद बच्चों और पुलिसकर्मियों में उत्साह बढ़ गया।

इस छोटे से खेल सत्र ने पुलिसकर्मियों की भागदौड़ भरी दिनचर्या में कुछ पलों के लिए एक खुशनुमा माहौल तैयार कर दिया।

हालांकि यह राहत भरी गतिविधियां ज्यादा देर नहीं चलीं। जैसे ही पथ संचलन के जयघोष और आवाजें गूंजनी शुरू हुईं, टीआई और अन्य पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों को याद करते हुए तुरंत वापस अपनी ड्यूटी पर लौट गए।