रास्ते के विवाद में खूनी संघर्ष

गुना जिले के मृगवास इलाके के अंतर्गत आने वाले बांकखेड़ी गांव में शुक्रवार देर रात रास्ते को लेकर चल रहा पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से आवागमन के रास्ते को लेकर रंजिश चली आ रही थी, जो शुक्रवार की रात को गंभीर रूप ले बैठी।

लाठी और लुहांगी से ताबड़तोड़ हमला

विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के एक युवक को घेर लिया और उस पर लाठी तथा लुहांगी से ताबड़तोड़ हमले कर दिए। इस गंभीर मारपीट में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय पवन लोधा (पिता शिवलाल लोधा) निवासी बांकखेड़ा के रूप में हुई है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही मृगवास थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने मृतक पवन के शव को तुरंत कुंभराज अस्पताल भिजवाया, जहां शनिवार सुबह उसका पोस्टमार्टम कराया गया।

इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथिमिकी दर्ज कर ली है। मारपीट करने वाले संदिग्धों में सागर सिंह लोधा (पुत्र कल्याण सिंह लोधा, उम्र 40 वर्ष) और कोमल सिंह लोधा (पुत्र बिहारी लाल लोधा, उम्र 50 वर्ष), दोनों निवासी बांकखेड़ा के नाम सामने आए हैं। पुलिस अब सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।