मुख्य बाजार की गली में मंडरा रहा खतरा
गुना शहर के महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड क्रमांक 12 के अंतर्गत आने वाली प्रकाश टॉकीज गली एक व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र है। यहां से गुजर रही हाईटेंशन और बिजली की लाइनें इन दिनों रहवासियों और दुकानदारों की रातों की नींद उड़ाए हुए हैं। बिजली के तार कई स्थानों पर काफी नीचे तक लटक रहे हैं और मकानों तथा दुकानों के बेहद करीब से गुजर रहे हैं।
आए दिन होती है स्पार्किंग और तेज आवाज
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, इस बिजली लाइन और ट्रांसफॉर्मर से जुड़े तारों में आए दिन फॉल्ट और स्पार्किंग की घटनाएं सामने आती रहती हैं। कई बार तेज आवाज के साथ धमाके जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे अचानक निकलने वाली चिंगारियों को देखकर आसपास के लोग दहशत में आ जाते हैं। गली में दिनभर ग्राहकों और राहगीरों का भारी आना-जाना लगा रहता है।
स्थानीय निवासी शाकिर हुसैन, मनोज जैन, संजय जैन, मधुर जैन, तन्मय जैन, अमन जैन, प्रवीण जैन, ओमकार दुबे और यधु दुबे ने बताया कि इन जर्जर और नीचे लटकते तारों के कारण हर पल किसी अनहोनी का अंदेशा बना रहता है। महिलाओं और बच्चों के यहां से निकलने के दौरान लोगों को विशेष सावधानी रखनी पड़ती है।
महीनों बीतने के बाद भी नहीं हुआ सुधार
क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर पिछले पांच-छह महीनों से लगातार संबंधित बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को अवगत कराया जा रहा है। बार-बार शिकायतें देने और गुहार लगाने के बाद भी धरातल पर कोई स्थायी सुधार कार्य नहीं किया गया है, जिससे स्थिति जस की तस बनी हुई है।
बिजली कंपनी का पक्ष
इस संबंध में शहर बिजली कंपनी गुना के एई प्रशांत यादव का कहना है कि प्रकाश टॉकीज गली का मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। उन्होंने बताया कि नई केबल डालने से पहले क्षेत्र में नए खंभे लगाए जाने हैं, जिसके पश्चात नई केबल बिछाने का कार्य किया जाएगा। विभाग इस दिशा में प्रक्रिया पर काम कर रहा है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!