गुना शहर से लगे चिंताहरण मंदिर के सामने स्थित सपेरा बस्ती में आपसी विवाद के बाद हिंसक झड़प की घटना सामने आई है। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के लगभग आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

सगाई समारोह में शामिल होने आई महिला ने लगाए गंभीर आरोप

बमोरी कॉलोनी की रहने वाली घायल महिला राममूर्ति ने बताया कि वह अपनी बहन के यहां सगाई कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। उसका आरोप है कि जब वह रास्ते से गुजर रही थी, तब कुछ युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की।

राममूर्ति के अनुसार, जब उसने यह बात अपने भाई दिनेश को बताई और दिनेश ने आरोपियों की हरकत का विरोध किया, तो विवाद काफी बढ़ गया और स्थिति बिगड़ती चली गई।

धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला

आरोप है कि विरोध जताने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए चाकू, फर्सी और अन्य धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। बीच-बचाव करने पहुंची राममूर्ति और उसकी बड़ी बहन को भी नहीं बख्शा गया।

हमले में राममूर्ति की बड़ी बहन के सिर पर गंभीर चोट आई है, जबकि राममूर्ति खुद भी मारपीट के दौरान बेहोश हो गई थी। हमलावरों की संख्या आधा दर्जन से अधिक बताई जा रही है।

दूसरे पक्ष ने शराब के नशे में हुए विवाद को बताई वजह

घटना के दूसरे पहलू में, दूसरे पक्ष की एक महिला ने छेड़छाड़ के आरोपों को खारिज करते हुए इसे शराब के नशे में हुआ पारिवारिक विवाद बताया। उसके मुताबिक जीजा और साले के बीच हुए झगड़े और मोबाइल टूटने के बाद शुरू हुई कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए हैं और दोनों पक्षों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों की गहराई से जांच की जा रही है।