गुना जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंचायत सचिव के आवास पर हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में स्थानीय पुलिस ने शिकंजा कसते हुए एक और नए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस की गिरफ्त में आए इस आरोपी से पूछताछ जारी है।

चिरौली गांव में पंचायत सचिव के यहां हुई थी वारदात

फतेहगढ़ इलाके के चिरौली गांव निवासी पवन मीना पंचायत अंचल में सचिव के पद पर कार्यरत हैं। बीते 3 अगस्त की रात उनके घर पर उनके माता-पिता और छोटा भाई मौजूद थे। सभी लोग अपने कमरों में सो रहे थे। रात्रि करीब 2:30 बजे उनके पिता बाबूलाल मीना उठे थे, तब तक घर की स्थिति बिल्कुल सामान्य थी।

सुबह करीब 4:30 बजे जब परिजन जागे तो उनके कमरों की कुंडी बाहर से बंद मिली। किसी तरह दरवाजा खुलवाने पर घर का सारा सामान बिखरा हुआ मिला, जिससे चोरी और डकैती का पता चला। परिजनों के अनुसार, बदमाश घर से लगभग एक किलो सोने के जेवर, छह किलो चांदी, 10 लाख रुपए नकद और एक मोटरसाइकिल चुरा ले गए थे।

पारदी गिरोह के बदमाशों ने दिया था अंजाम

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई विशेष पुलिस टीमों का गठन किया था। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि इस दुस्साहसिक वारदात को पारदी गिरोह के बदमाशों ने अंजाम दिया था। पुलिस ने पहले ही ग्राम कनेरा निवासी राजू पारदी और गजानंद पारदी को गिरफ्तार कर लिया था।

पुलिस पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को कबूला था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पहले ही करीब 1 करोड़ 47 लाख रुपए से अधिक कीमत के सोने के जेवर बरामद कर लिए थे।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया चिकना उर्फ लक्की

फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश के बीच पुलिस को मुखबिर से अहम सूचना मिली। इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ग्राम कनेरा निवासी चिकना उर्फ लक्की (22) पुत्र रेवत पारदी को गिरफ्तार कर लिया। चोरी के माल की बरामदगी और पूछताछ के लिए अदालत ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है।

रिमांड अवधि के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चांदी का एक कड़ा और एक पायल बरामद की है, जिनकी कुल कीमत लगभग 26 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया है कि उसके हिस्से का बाकी माल उसके फरार भाई के पास है। पुलिस अब फरार भाई की तलाश के साथ-साथ गिरोह के अन्य सदस्यों और शेष मशरूके की बरामदगी के लिए दबिश दे रही है।