गुना शहर के भगत सिंह कॉलोनी में बदमाशों ने शनिवार रात एक आवासीय मकान को अपना निशाना बनाया। चोरों ने शातिर तरीके से खिड़की की ग्रिल काटी और घर के अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद उन्होंने उस कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी, जिसमें परिवार के लोग सो रहे थे।
कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दिया वारदात को अंजाम
भगत सिंह कॉलोनी निवासी प्रमोद रघुवंशी बीमा का काम करते हैं। शनिवार रात को खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य अपने कमरे में सो रहे थे। इसी बीच अज्ञात बदमाश खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर घुसे और सोते हुए परिवार के कमरे को बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई जाग न सके।
कमरा बंद करने के बाद बदमाशों ने इत्मीनान से घर के अन्य कमरों को खंगाला। चोर घर से टीवी, सिलाई मशीन, लैपटॉप, पीतल के बर्तन, इंडक्शन और यहां तक कि घर में रखा राशन भी चुरा ले गए। हद तो तब हो गई जब बदमाश घर में रखे नए जूते-चप्पल और खाने के लिए रखे सेब व केले भी अपने साथ ले गए।
बुलेट की चाबी ले गए, पांच हजार नकद भी किए पार
घर के पोर्च में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल की चाबी भी चोर अपने साथ उठा ले गए, हालांकि वे भारी वाहन को मौके से ले जाने में कामयाब नहीं हो पाए। पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश घर से पांच हजार रुपए नकद भी चुरा ले गए हैं।
परिवार के सदस्यों की नींद सुबह करीब पांच बजे खुली। जब उन्होंने कमरा अंदर से खोलने की कोशिश की तो वह बाहर से बंद मिला। इसके बाद उन्हें घर में चोरी होने की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने शुरू की जांच, ढाई से तीन लाख का नुकसान
चोरी की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पीड़ित प्रमोद रघुवंशी के परिवार के मुताबिक चोरी गए कुल सामान की कीमत करीब ढाई से तीन लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!