गुना जिले के कुंभराज में स्थानीय पुलिस ने नगर के प्रमुख और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा घेरा मजबूत करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। इसके तहत पिछले काफी समय से बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों को ठीक कराने के साथ ही नए स्थानों पर भी कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

अमित अग्रवाल ने संभाली कमान

कुंभराज थाने में अमित अग्रवाल के नए थाना प्रभारी के रूप में कार्यभार संभालने के बाद से ही पुलिस एक्शन मोड में नजर आ रही है। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने नगर के विभिन्न हिस्सों का दौरा किया और सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों का जायजा लिया।

हाल ही में निकले चल समारोह के दौरान भी पुलिस व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया गया था। इस दौरान थाना प्रभारी ने अमले को निर्देश दिए कि संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए।

सार्वजनिक स्थलों पर रहेगी कड़ी नजर

पुलिस ने खाटू श्याम मंदिर और कन्या स्कूल क्षेत्र समेत कई भीड़भाड़ वाले पॉइंट्स को कैमरों की जद में लाने के लिए चिह्नित किया है। इन जगहों पर असामाजिक तत्वों की हरकतों पर रोक लगाने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी।

पूर्व में नगर के बीच बाजार में हुई मारपीट, जबरन वसूली और सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी जैसी घटनाओं के कारण आम नागरिकों में चिंता का माहौल था। इन वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अब पूरी तरह से सतर्क हो गई है।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

थाना प्रभारी ने पुलिसकर्मियों को अपनी ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने की सख्त हिदायत दी है। साथ ही मंदिरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों के आसपास शराब पीने, नशा करके हुड़दंग मचाने तथा महिलाओं से अभद्रता करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस की इस नई पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि नगर में कानून और व्यवस्था की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा आमजन खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर सकेंगे।