गुना शहर के कैंट थाना इलाके के करोंद गांव में पिछले छह दिनों से गायब एक किसान का शव खेत में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय दीपक चिडार के तौर पर हुई है, जो खेती-किसानी कर अपने परिवार का गुजारा करता था।
खेत में खाद डालने गए किसान को मिला शव
मंगलवार की शाम को गांव निवासी रघुवीर अहिरवार अपने खेत में खाद डालने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में पड़े एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि यह शव गांव के ही लापता दीपक चिडार का है। शव बेहद खराब और क्षत-विक्षत हालत में था। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण्ाों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। प्रारंभिक जांच में शव की स्थिति को देखते हुए मौत के कारण संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं।
परिजनों ने महिला पर लगाए गंभीर आरोप
मृतक के पिता पप्पू चिडार ने अपने बेटे की हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने एक महिला पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि दीपक का उस महिला के घर आना-जाना था। परिजनों के अनुसार, घटना वाली रात दीपक ने महिला के कहने पर कुछ रुपए भी भिजवाए थे। रात करीब आठ बजे पैसे डलवाए जाने के बाद से दीपक का फोन और उसका कोई अतापता नहीं चल रहा था।
परिजनों का सीधा आरोप है कि दीपक की बहुत ही सुनियोजित साजिश के तहत हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस पूरे मामले की गहराई से निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।
परिवार में पसरा मातम, पुलिस जांच में जुटी
मृतक दीपक अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बेटे और पत्नी को छोड़ गया है। अचानक हुई इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में भी शोक का माहौल है।
इस संबंध में कैंट थाना प्रभारी अनूप भार्गव ने जानकारी दी कि पुलिस ने मर्ग कायम कर अपनी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और परिजनों द्वारा दिए गए बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!