हनुमान चौराहे से कलेक्ट्रेट तक निकाला गया पैदल मार्च
गुना में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह और बमोरी विधायक ऋषि अग्रवाल के नेतृत्व में स्थानीय हनुमान चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हुए। इसके बाद कार्यकर्ता कैंट रोड होते हुए नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे।
राष्ट्रपति के नाम सौंपा 12 सूत्रीय ज्ञापन
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल से मुलाकात की और राष्ट्रपति के नाम संबोधित 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनकी गिरफ्तारी करने और उन पर आपराधिक मुकदमा दर्ज किए जाने की प्रमुख मांग उठाई गई। इसके अलावा ईसिनेट (ECINET) की पूरी प्रक्रिया की जांच स्वतंत्र न्यायिक निगरानी में कराए जाने की मांग भी रखी गई।
वोट चोरी और मतदाता सूची से नाम काटने का लगाया आरोप
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे विधायक जयवर्धन सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा सोची-समझी साजिश के तहत वोट चोरी करवाई गई है। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर (SIR) के बहाने देश के मूल नागरिकों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। पहली बार ऐसा सॉफ्टवेयर लाया गया जिसके माध्यम से दिल्ली से ही सीधे तौर पर नाम काटे जाने का काम किया गया।
जयवर्धन सिंह ने यह भी कहा कि अन्य चुनाव आयुक्तों ने इस व्यवस्था पर छह से ज्यादा बार अपनी आपत्तियां दर्ज कराई थीं, लेकिन उन आपत्तियों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए सुनियोजित षड्यंत्र रचे गए हैं।
ईवीएम में गड़बड़ी और देशव्यापी आंदोलन का जिक्र
कांग्रेस नेताओं ने ईवीएम में भी गड़बड़ी किए जाने के आरोप लगाए। विधायक ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी जिन मुद्दों को लंबे समय से उठाते आ रहे हैं, वे अब जनता के सामने स्पष्ट हो चुके हैं। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर पूरे देश में कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!