स्वच्छता अभियान के तहत हुआ औचक निरीक्षण

गुना जिले में वार्ड 28 स्थित घोसीपुरा की हरिनंदन कॉलोनी में शुक्रवार को प्रशासनिक अमले ने कड़ा रुख अपनाया। यहां स्वच्छता अभियान और स्थानीय नागरिकों की शिकायतों के आधार पर कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल निरीक्षण करने पहुंचे थे। पड़ताल के दौरान सड़क पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण पाया गया, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था।

जुर्माने की रसीद को लेकर हुआ विवाद

निरीक्षण के तुरंत बाद कलेक्टर ने नगर पालिका के अधिकारियों को मौके पर ही सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर पालिका की टीम ने एक अतिक्रमणकर्ता पर दस हजार रुपए का आर्थिक दंड लगाया। हालांकि, जुर्माने की रसीद थमाने को लेकर प्रशासनिक अमले और अतिक्रमणकारियों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। इस दौरान रसीद फाड़ने की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई, जिससे वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जेसीबी लेकर पहुंची संयुक्त टीम

विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस बल और नगर पालिका की जेसीबी मशीन मौके पर पहुंच गई। प्रशासन, नगर पालिका और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने मिलकर अवैध कब्जों को हटाने का अभियान शुरू किया। इस अचानक हुई त्वरित कार्रवाई से पूरी कॉलोनी में हड़कंप मच गया और अतिक्रमण करने वालों में खलबली मची रही।

अधिकारियों ने दी सख्त चेतावनी

डिप्टी कलेक्टर महिमा चौधरी ने बताया कि कलेक्टर के स्पष्ट निर्देशों के तहत यह कार्रवाई अंजाम दी गई है। उन्होंने दोटूक कहा कि सार्वजनिक रास्तों और जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

कार्रवाई के बीच कलेक्टर ने पूरी कॉलोनी में पैदल घूमकर आम नागरिकों से संवाद किया और इलाके की व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। इस दौरान एक स्थानीय महिला ने कलेक्टर के कार्यसंस्कृति की सराहना करते हुए कहा कि वे ऐसे पहले प्रशासनिक अधिकारी हैं जो सीधे आम इंसानों से संवाद कर रहे हैं।