चार घंटे के भीतर पुलिस ने सुलझाई आगजनी की गुत्थी

गुना जिले के कुंभराज कस्बे में स्थित एक शराब दुकान में हुई आगजनी की वारदात का स्थानीय पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर ही पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में कुंभराज थाना प्रभारी टीआई अमित अग्रवाल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।

सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध कार से हुआ खुलासा

शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 3:40 बजे कुंभराज की इस शराब दुकान में आग लगाई गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जांच के दौरान एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार संदिग्ध अवस्था में नजर आई, जिसके कांच पर काली फिल्म और नंबर प्लेट पर नीला निशान था।

इ इन्हीं खास पहचान चिह्नों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन और उसके चालक को दबोच लिया। तलाशी के दौरान कार से पेट्रोल की एक खाली बोतल भी बरामद की गई, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर MP13 CB 7016 दर्ज है।

राजगढ़ में पदस्थ है आरोपी, चार महीने से चल रहा है गायब

पकड़े गए आरोपी की पहचान संदीप मीणा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गुना जिले के कुंभराज का ही रहने वाला है। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी पुलिस विभाग में ही हेड कांस्टेबल के पद पर राजगढ़ जिले में पदस्थ है।

पुलिस के अनुसार आरोपी हेड कांस्टेबल पिछले चार-पांच महीनों से अपनी ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहा है और उसके खिलाफ विभागीय जांच भी लंबित है। गिरफ्तारी के वक्त भी आरोपी नशे में धुत था। शराब दुकान के मैनेजर की शिकायत पर कुंभराज थाने में बीएनएस की धारा 326(जी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।