गुना जिले में एक निजी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर पर उसी विश्वविद्यालय में कार्यरत एक महिला कर्मचारी के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रेम जाल में फंसाकर बनाए संबंध

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़िता और आरोपी प्रोफेसर एक ही निजी विश्वविद्यालय में काम करते थे। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई। आरोप है कि अप्रैल 2025 में प्रोफेसर ने पीड़िता को कॉफी पीने के बहाने एक होटल में बुलाया, जहां उसने प्रेम का इजहार करते हुए शादी का प्रस्ताव रखा। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।

जब पीड़िता ने शादी की बात आगे बढ़ाने के लिए कहा, तो आरोपी प्रोफेसर ने खुलासा किया कि वह पहले से शादीशुदा है और उससे शादी नहीं कर सकता। इस खुलासे के बाद पीड़िता ने विश्वविद्यालय प्रबंधन से भी शिकायत की थी।

इंदौर में दर्ज हुई जीरो एफआईआर, गुना में कार्रवाई

पीड़िता ने इस संबंध में 11 जून को इंदौर के लसूड़िया थाने में एक शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद, जीरो एफआईआर की डायरी को गुना भेजा गया। गुना सिटी कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर की तलाश तेज कर दी। 11 जुलाई को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तारी के बाद, आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

बताया जा रहा है कि शिकायत की जानकारी मिलने के बाद आरोपी प्रोफेसर नौकरी छोड़कर कहीं और चला गया था, लेकिन पुलिस ने उसे ढूंढ निकाला।