सहेली के कमरे पर आए थे आरोपी

गुना की विंध्याचल कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाली 25 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह घर से ही ब्यूटी पार्लर का काम करती है। उसी मकान में उसकी सहेली शैफाली शाक्य भी रहती है। गत 5 सितंबर की शाम करीब छह बजे शैफाली का परिचित गोलू रघुवंशी अपने साथी विवेक रघुवंशी के साथ वहां आया था।

महिला के अनुसार कमरे में मौजूद तीनों लोग शराब पी रहे थे और इसी दौरान आरोपियों ने उसे भी जबरन शराब का सेवन करा दिया। कुछ समय पश्चात शैफाली और गोलू कमरे से बाहर चले गए, जिससे कमरे में पीड़िता और विवेक अकेले रह गए।

दरवाजा बंद कर दिया और वारदात को दिया अंजाम

पीड़िता का आरोप है कि विवेक ने मौका पाकर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद करने का प्रयास किया। जब महिला ने इसका विरोध किया और कारण पूछा, तो आरोपी ने उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर भी आवाज बाहर तक नहीं पहुंच पाई।

घटना के बाद जैसे-तैसे बाहर आकर पीड़िता ने पूरी बात शैफाली और गोलू को बताई। जब उसने पुलिस में जाने की बात कही, तो गोलू ने उसे थप्पड़ जड़े और पुलिस में शिकायत करने पर जान से खत्म करने की धमकी दी।

पूर्व पति को संदेश भेजकर रेलवे स्टेशन पहुंची थी पीड़िता

इस बीच वहां पहुंचे एक अन्य परिचित अजय रघुवंशी ने बीच-बौवहार कर महिला को बचाया। घटना से घबराई महिला ने अपने पूर्व पति को मैसेज के जरिए पूरी घटना की जानकारी दी और ट्रेन पकड़कर आत्महत्या करने के इरादे से रेलवे स्टेशन चली गई।

सूचना मिलने पर पूर्व पति तुरंत पुलिस बल के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचा और महिला को सुरक्षित अपने साथ वापस लाया। इसके बाद पीड़िता ने शहर के सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर पूरी घटना की लिखित शिकायत दी।

पुलिस ने विभिन्न धाराओं में कायम किया केस

सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 523/26 दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 115(2), 351(3) और 127(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।