ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के गुना जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एबी रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और एक परिवार के बीच तीखा विवाद हो गया। हालात इतने बिगड़ गए कि बाइक सवारों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी करते हुए एक सब-इंस्पेक्टर के साथ मारपीट कर डाली और अपनी बाइक लेकर मौके से भाग निकले।
एबी रोड पर हो रही थी वाहनों की चेकिंग
यह पूरी घटना कोलुआ घूम के पास विजयपुर थाने के बिल्कुल सामने पेश आई। थाने में पदस्थ एसआई क्रांति प्रसाद दिवाकर, एएसआई रामप्रसाद जाटव, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह चौहान और कांस्टेबल चंद्रभान जाटव सरकारी वाहन के साथ हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान गुना की तरफ से आ रही एक मोटरसाइकिल पर एक महिला समेत तीन लोग सवार होकर निकले, जिन्हें पुलिस ने रुकने का इशारा किया।
नशे में था बाइक चालक, नियमों का दिया हवाला
पुलिस के अनुसार वाहन चला रहा व्यक्ति शराब के नशे में था। पूछताछ में उसने अपनी पहचान सिद्धार्थ जाटव निवासी ग्राम कोलुआ पठार के रूप में दी। उसने पुलिस को बताया कि वे आसपास के ही रहने वाले हैं और अपनी मां तथा भाई के साथ सफर कर रहे हैं, इसलिए उन्हें जाने दिया जाए और चालान न काटा जाए।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे समझाया कि मोटरसाइकिल पर तीन लोगों का बैठना, हेलमेट न लगाना और नशे की हालत में वाहन चलाना कानूनन अपराध और गंभीर लापरवाही है। एसआई क्रांति प्रसाद दिवाकर ने स्पष्ट किया कि या तो नियम के तहत चालान भरना होगा या फिर वाहन जब्त कर न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।
चालान के नाम पर भड़के आरोपी, दर्ज हुआ मामला
कार्रवाई की बात सुनकर आरोपी उग्र हो गए और पुलिसकर्मियों को गालियां देने लगे। देखते ही देखते उन्होंने एसआई के साथ मारपीट शुरू कर दी और हाथापाई के बीच चाबी छीनकर अपनी बाइक भगा ले गए।
विजयपुर थाना प्रभारी प्रमोद साहू ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित एसआई की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने, बलवा और मारपीट जैसी गंभीर धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!