मध्य प्रदेश के गुना विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिना नाम लिए कांग्रेस नेता पर राजनीतिक कटाक्ष करते हुए कई गंभीर और तीखे बयान दिए।
धृतराष्ट्र और दुर्योधन की दी उपमा
पत्रकारों से चर्चा करते हुए भाजपा विधायक ने कहा कि राज्य में एक ऐसा धृतराष्ट्र पैदा हो गया है, जो अपने दुर्योधन को सिंहासन पर बैठाने के लिए पदयात्रा कर रहा है। उन्होंने कहा कि 85 वर्ष की आयु पार कर चुके नेता को अब अपने अनुचर को उसकी खुद की क्षमता पर छोड़ देना चाहिए।
विधायक शाक्य ने तंज कसते हुए आगे कहा कि वे अभी भी अपने उत्तराधिकारी को उंगली पकड़कर चलना सिखा रहे हैं, जबकि उसे अपनी खुद की काबलियत के दम पर आगे बढ़ना चाहिए।
जावरा या अजमेर से शुरू करनी थी यात्रा
पन्नालाल शाक्य ने यात्रा के रूट और महाकाल दर्शन के प्रसंग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महाकाल के दरबार में यात्रा शुरू करने के दौरान जिस तरह से प्रसाद या गमछे पर आपत्ति जताई गई, वह गलत था। यदि उन्हें उस वस्तु से इतनी ही एलर्जी थी, तो उन्हें अपनी यह पदयात्रा जावरा या फिर अजमेर से शुरू करनी चाहिए थी।
जब तुम महाकाल से यात्रा शुरू कर रहे हो, तो वहां के दिए गए प्रसाद का अपमान मत करो। हिंदुत्व के कुछ चिन्हों को तो जीवित रहने दो।
वोट चोरी के आरोपों पर किया पलटवार
वोट चोरी के आरोपों का जिक्र करते हुए भाजपा विधायक ने कहा कि आज कांग्रेस की ओर से जो सवाल उठाए जा रहे हैं, वे पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने पुराने समय का हवाला देते हुए कहा कि कैलाश जोशी, प्यारेलाल खंडेलवाल और नीतीश भारद्वाज के चुनाव के दौरान भी वोट चोरी के मामले सामने आते रहे हैं, और यह सिलसिला उनके ही जमाने से चला आ रहा है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की उज्जैन के महाकाल मंदिर से अयोध्या तक की यह 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' 20 अक्टूबर को आरंभ हुई है। लगभग 950 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा को करीब 70 दिनों में पूरा होना है, जिसे लेकर प्रदेश का सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!