हनुमान चौराहे पर मची अफरा-तफरी
गुना के व्यस्तम एबी रोड पर स्थित हनुमान चौराहे पर शुक्रवार की रात उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब एक जुलूस के दौरान काली माता की प्रतिमा की चुनरी में अचानक आग लग गई। यह घटना तब घटी जब भक्तगण बड़े उत्साह के साथ प्रतिमा को पंडाल की तरफ लेकर जा रहे थे।
आतिशबाजी की चिंगारी बनी कारण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार की रात करीब नौ बजे झांकी के साथ चल रहे लोग आतिशबाजी कर रहे थे। इसी बीच आतिशबाजी से निकली एक चिंगारी सीधे प्रतिमा पर ओढ़ाई गई चुनरी पर जा गिरी, जिससे उसमें आग भड़क उठी और जुलूस में थोड़ी देर के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए।
श्रद्धा और सतर्कता से टला हादसा
गनीमत यह रही कि वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने घबराने के बजाय तत्काल सतर्कता का परिचय दिया और आग को फैलने से पहले ही बुझा लिया। इस घटना में किसी भी प्रकार के नुकसान या किसी के हताहत होने की कोई आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है।
उल्लेखनीय है कि इन दिनों पूरे संभाग में नवरात्र पर्व को लेकर जोरदार तैयारियां चल रही हैं और जगह-जगह पंडाल सजाए जा रहे हैं। अकेले गुना शहर में ही एक हजार से अधिक स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जानी हैं, जिसके चलते शहर में विभिन्न समितियों द्वारा झांकियां निकाली जा रही हैं।
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें प्रतिमा की चुनरी में आग की लपटें दिखाई दे रही हैं और आसपास मौजूद लोग तुरंत उसे बुझाने के प्रयास में जुटे नजर आ रहे हैं।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!