गुना शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत हुई एक शातिर अपराधी की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से दबोच लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर धर दबोचा।
सिंगवासा तालाब के पास मिला था लहूलुहान शव
घटना शुक्रवार रात की है जब कैंट थाना पुलिस को सूचना मिली कि सिंगवासा तालाब की पार स्थित मंदिर के पीछे एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि मृतक के गले पर किसी धारदार हथियार से गहरे घाव किए गए थे। मृतक की पहचान 33 वर्षीय नब्बू उर्फ नवीन गोस्वामी के रूप में हुई, जो पठार मोहल्ला गुना का रहने वाला था और उसके खिलाफ पूर्व में कई आपराधिक मामले दर्ज थे।
शराब और रुपयों के विवाद में रची गई साजिश
पुलिस पूछताछ और शुरुआती जांच में सामने आया कि मृतक नवीन आदतन अपराधी था और अक्सर लोगों को परेशान करता था। वह बूढ़े बालाजी कलारी के पास लोगों को रोककर जबरन शराब के लिए पैसे मांगता था और गाली-गलौज करता था। आरोपी हेमू सोनी और संजू साहू से भी उसने कई बार ऐसी हरकतें की थीं। शुक्रवार की शाम जब आरोपी शराब दुकान पर पहुंचे, तो नवीन ने फिर से उनसे पैसों की मांग की।
गुस्से में आकर आरोपियों ने उसे जमकर शराब पिलाई, लेकिन इसके बाद भी उसका अभद्र व्यवहार जारी रहा। तंग आकर आरोपियों ने उसे ठिकाने लगाने की योजना बनाई और अहाते से एक बड़ा चाकू उठा लिया। इसके बाद तीनों संजू साहू की बाइक से सिंगवासा तालाब पहुंचे, जहां अत्यधिक नशा होने पर आरोपियों ने चाकू से उसका गला रेत दिया। विरोध करने पर संघर्ष के निशान भी आरोपियों के शरीर पर आए।
सर्विलांस की मदद से पुलिस ने दबोचा
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी संजू और हेमंत ने अशोकनगर के अथाई खेड़ा में अपनी बाइक एक रिश्तेदार के यहां खड़ी की और किराए की कार लेकर ललितपुर की तरफ भाग निकले। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में गठित विशेष टीमों और साइबर सेल ने तकनीकी मदद व सर्विलांस के जरिए आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और दबिश देकर दोनों को ललितपुर से गिरफ्तार कर लिया।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!