गुना जिले के मृगवास थाना अंतर्गत शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां अंडेरी नदी में नहाने उतरी 20 वर्षीय युवती की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
बच्चों के साथ नदी में उतरी थी युवती
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह लगभग 10 बजे कस्बे के कुछ बच्चे और बच्चियां अंडेरी नदी पर नहाने के लिए पहुंचे थे। इसी समूह के साथ मीनाक्षी पुत्री तोफान सिंह नाथ (कालबेलिया) भी नदी में उतरी थी, जो नहाते वक्त अचानक गहरे पानी में चली गई और डूब गई।
टब बेचकर गुजारा करता है पीड़ित परिवार
मृतक युवती मीनाक्षी मूल रूप से आगर मालवा जिले के सुसनेर की रहने वाली थी। वर्तमान में उसके माता-पिता अपने अन्य रिश्तेदारों के साथ मृगवास कस्बे में एक किराए के मकान में निवास कर रहे हैं। यह परिवार प्लास्टिक के टब, तगाड़ी और अन्य जरूरत का सामान बेचकर अपनी आजीविका चलाता है।
अस्पताल पहुंचाया गया शव
जैसे ही हादसे की खबर स्थानीय पुलिस को मिली, महकमे की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने रेस्क्यू कर युवती के शव को नदी से बाहर निकाला और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कुंभराज अस्पताल भिजवाया, जहां उसका पोस्टमार्टम संपन्न हुआ।
इस अचानक हुई दुर्घटना से मीनाक्षी के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!