रिजॉर्ट में कॉपर वायर चोरी का मामला
गुना शहर के कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाकों में चोरों के हौसले बुलंद थे, जिस पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने रिजॉर्ट में हुई चोरी और ट्रकों से सामान पार करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्त में आने से कई वारदातों का खुलासा हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पायगा मोहल्ला निवासी समीर सोनी ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह ठेकेदारी का काम करते हैं। पत्रकार कॉलोनी स्थित एक निर्माणाधीन रिजॉर्ट में उन्होंने बिजली फिटिंग का काम करवाया था, जहां से 26 और 27 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात चोर कॉपर वायर चुराकर ले गए थे। इस शिकायत पर पुलिस ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी थी।
ट्रक ड्राइवरों ने ही की थी माल की हेराफेरी
इसी तरह का एक अन्य मामला भी सामने आया था जिसमें नानाखेड़ी निवासी मनोज कुमार शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि राजस्थान के बारां से पतंजलि सोयाबीन ऑयल के डिब्बे और लहसुन के कट्टे ट्रकों के माध्यम से गुना ट्रांसपोर्ट के लिए भेजे गए थे। जब गुना पहुंचने पर माल का मिलान किया गया, तो एक ट्रक से 24 हजार रुपये कीमत के सोयाबीन ऑयल के 15 डिब्बे और दूसरे ट्रक से करीब 35 हजार रुपये कीमत के लहसुन के 9 कट्टे गायब मिले।
शिकायतकर्ता को दोनों ट्रकों के चालकों लाला उर्फ कृष्णपाल कुशवाह और रामवीर यादव पर शक था। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जाल बिछाया।
पुलिस ने माल सहित आरोपियों को दबोचा
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पिप्पल की बाड़ी निवासी मुकेश पुत्र परशुराम केवट (उम्र 23 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके पास से करीब 7 किलो अधजला कॉपर वायर बरामद हुआ जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये है। इस मामले में फरार अन्य साथियों की तलाश जारी है।
वहीं, कड़ाई से पूछताछ करने पर ट्रक चालकों लाला उर्फ कृष्णपाल पुत्र चेतन कुशवाह (उम्र 26 वर्ष) और रामवीर पुत्र राजेंद्र यादव (उम्र 22 वर्ष) ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने ही मिलकर ट्रकों से सोयाबीन ऑयल के डिब्बे और लहसुन के कट्टे चुराए थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 22 हजार रुपये कीमत के सोयाबीन ऑयल के 10 डिब्बे और 28 हजार रुपये कीमत के लहसुन के 7 कट्टे बरामद कर लिए हैं।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!