गुना में मंगलवार को डोल ग्यारस का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस खास अवसर पर शहर में एक भव्य चल समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न इलाकों से आई बड़ी और मनमोहक झांकियां शामिल हुईं।

हाट रोड से शुरू हुआ चल समारोह

दोपहर के समय शहर के विभिन्न हिस्सों से झांकियों को हाट रोड पर एकत्रित किया गया। इसके बाद यह चल समारोह तय मार्ग से होता हुआ आगे बढ़ा, जिसमें निचला बाजार, सराफा बाजार, सदर बाजार और लक्ष्मीगंज जैसे प्रमुख मार्ग शामिल रहे। इस दौरान निचले बाजार के रपटा क्षेत्र में बेहतरीन झांकियों को पुरस्कृत भी किया गया।

घरों में विराजे बप्पा की हुई विशेष पूजा

पर्व के दिन सुबह से ही गणेश पांडालों और घरों में स्थापित प्रतिमाओं के समक्ष विशेष अनुष्ठान किए गए। कई स्थानों पर हवन-पूजन और भंडारों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

प्रशासनिक सुरक्षा के बीच हुआ प्रतिमा विसर्जन

घरों में विराजी भगवान गणेश की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए श्रद्धालु सिंगवासा और भुजरिया तालाब पहुंचे। प्रशासन की ओर से विसर्जन को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिसके तहत किसी भी नागरिक को गहरे पानी में जाने की अनुमति नहीं दी गई।

घाट पर तैनात वालंटियर्स ने नागरिकों से श्रद्धापूर्वक प्रतिमाएं लेकर उनका विसर्जन संपन्न कराया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान एसडीईआरएफ (SDERF) और नगर पालिका की टीमें मुस्तैद रहीं। कानून-व्यवस्था और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए एसडीएम, नगर पालिका सीएमओ और पुलिस अधिकारी लगातार दोनों प्रमुख विसर्जन स्थलों का मुआयना करते रहे।