गुना जिले के धरनावदा थाना क्षेत्र स्थित बेरखेड़ी गांव में हाल ही में हुई लूट, फायरिंग और मारपीट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पारदी गिरोह के पांच आरोपियों को धर दबोचा है। घटना के वक्त बदमाशों ने एक बच्ची को बंधक बनाकर परिवार को धमकाया था और फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए थे।

रात के वक्त घर में घुसे थे बदमाश

बेरखेड़ी निवासी वीरेंद्र धाकड़ रात के समय अपने परिवार के साथ सो रहे थे। करीब दो बजे अज्ञात बदमाश उनके घर के अंदर घुस आए। परिवार की एक महिला की नींद खुलने पर उसने अन्य सदस्यों को उठाया। बदमाशों ने घर में मौजूद एक बच्ची को पकड़ लिया और नकदी व सामान न देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। शोर मचाने पर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बदमाशों को घेर लिया।

फायरिंग कर भागे थे आरोपी

ग्रामीणों द्वारा घेराबंदी किए जाने पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिससे परिवार के तीन पुरुषों को छर्रे लगे। हालांकि ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों की दो बंदूकें छीन लीं, लेकिन इसके बावजूद वे मौके से फरार होने में सफल रहे। पीड़ित परिवार के अनुसार आरोपी पारदी समुदाय के लग रहे थे और वे घर से करीब 45 हजार रुपए नकद ले गए थे।

चार थानों की पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई

एएसपी प्रशांत सुमन ने जानकारी दी कि इस गंभीर मामले की जांच के लिए कैंट, म्याना, फतेहगढ़ और सिरसी थानों की संयुक्त पुलिस टीमें गठित की गई थीं। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान भागने का प्रयास करने वाले दो आरोपियों को चोटें आईं, जिन्हें जिला अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया है।

पकड़े गए आरोपियों में प्रियंका पत्नी टॉवर पारदी, टीनू पत्नी टोमी पारदी, जॉनी पुत्र कमरया पारदी, रामदास पुत्र खंभाराम पारदी और गिर्राज पुत्र शेरू पारदी शामिल हैं, जिनमें महिलाएं भी सम्मिलित हैं। पुलिस पूछताछ में एक आरोपी के किसी अन्य गंभीर अपराध में भी शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस अब आरोपियों से लूटी गई रकम की बरामदगी और उनके अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी हुई है।